भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर प्रतीका रावल चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। प्रतीका ने बल्ले से कमाल दिखाते हुए आयरलैंड के खिलाफ अपने वनडे करियर का पहला शतक जमाया। 24 साल की प्रतीका ने तीसरे वनडे में 129 गेंदों में 20 चौके और एक छक्के की मदद से 154 रन बनाए। इस दौरान प्रतीका रावल ने कई रिकॉर्ड्स बनाए। प्रतीका रावल गूगल ट्रेंड्स पर छाई हुई हैं
क्या कमाल किया
दरअसल, प्रतीका रावल ने बुधवार को आयरलैंड के खिलाफ राजकोट में खेले गए तीसरे वनडे में अपना पहला शतक जमाया। दाएं हाथ की महिला बैटर ने केवल 129 गेंदों में 154 रन की पारी खेली। अपनी पारी के दौरान रावल ने 20 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने कप्तान स्मृति मंधाना (135) के साथ पहले विकेट के लिए 233 रन की धाकड़ पार्टनरशिप की। अपनी इस पारी के दौरान प्रतीका रावल ने कई उपलब्धियां हासिल की।
प्रतीका रावल ने बनाए रिकॉर्ड्स
- प्रतीका रावल वनडे करियर की शुरुआती 6 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला बैटर बन गईं हैं। रावल ने 6 पारियों में 444 रन बनाए। उन्होंने इंग्लैंड की पूर्व कप्तान चार्लोट एडवर्ड्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 6 पारियों में 434 रन बनाए थे।
प्रतीका रावल ने भारतीय महिलाओं में तीसरा सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर बनाया। भारत की तरफ से सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत वनडे स्कोर का रिकॉर्ड दीप्ति शर्मा के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ बनाया था इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हरमनप्रीत कौर हैं, जिन्होंने 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 171 रन बनाए थे। अब 154 रन के साथ प्रतीका रावल इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर जुड़ गई हैं।
रावल-मंधाना की साझेदारी महिला वनडे इतिहास में भारत के लिए तीसरी सर्वश्रेष्ठ है। दीप्ति शर्मा और पूनम रउत ने 2017 में 320 रन की साझेदारी की थी, जो सर्वश्रेष्ठ है। रेशमा गांधी और मिताली राज ने 1999 में आयरलैंड के खिलाफ 258 रन की साझेदारी की थी। दोनों पहले विकेट की साझेदारियां मंधाना-रावल से ऊपर हैं।
रोकच फैक्ट्स
- 2018 के बाद से महिला वनडे में शतक बनाने वाली दूसरी भारतीय सलामी बल्लेबाज बनीं प्रतीका रावल
पहली छह वनडे पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बनीं प्रतीका रावल
घरेलू मैदान पर प्रतीका रावल ने सबसे बड़ा (154) व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी
वनडे में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाली तीसरी भारतीय खिलाड़ी बनीं प्रतीका राव
भारत की खोज पूरी
बता दें कि प्रतीका रावल के रूप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के ओपनर की खोज पूरी हो गई है। प्रतीका रावल को भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है और उन्होंने निरंतर बेहतर प्रदर्शन करके इसे बखूबी साबित भी किया है। भारतीय टीम से शैफाली वर्मा बाहर चल रही हैं, जिन पर पहले ओपनिंग का दारोमदार था। मगर खराब प्रदर्शन के कारण शैफाली को टीम से ड्रॉप किया गया।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने प्रिया पूनिया सहित कई महिला बैटर्स को ओपनिंग पर चांस दिया, लेकिन कोई भी सफल नहीं हुआ। इस कमी को प्रतीका रावल दूर करती हुई नजर आईं। प्रतीका रावल के शुरुआती 6 पारियों के स्कोर क्रमश: 40, 76,18,89, 67 और 154 रन शामिल हैं। निरंतर बेहतर प्रदर्शन के आंकड़े साफ दर्शा रहे हैं कि भारतीय महिला टीम के ओपनर की खोज पूरी हो गई है।
भारत ने बनाया रिकॉर्ड
प्रतीका रावल की उम्दा बल्लेबाजी के दम पर भारतीय टीम ने रिकॉर्ड बना दिया। भारत ने अपने वनडे इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। राजकोट में भारत ने आयरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 435 रन बनाए। भारतीय महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ते हुए वनडे इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। भारतीय पुरुष टीम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 50 ओवर में 418/5 है, जो उसने 2011 में इंदौर में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाए थे।
भारतीय महिला टीम के टॉप-5 सर्वोच्च वनडे स्कोर
- 15 जनवरी 2025 - 435/5, भारत बनाम आयरलैंड, राजकोट
- 12 जनवरी 2025 - 370/5, भारत बनाम आयरलैंड, राजकोट
- 15 मई 2017 - 358/2, भारत बनाम आयरलैंड, पोचफ्स्ट्रूम
- 24 दिसंबर 2024 - 358/5, भारत बनाम वेस्टइंडीज, वडोदरा
- 21 सितंबर 2022 - 333/5, भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, बेंगलुरु
क्रिकेटर बनने की कहानी दिलचस्प
प्रतीका रावल के क्रिकेटर बनने की कहानी बेहद दिलचस्प रही है। बीसीसीआई वुमन ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें प्रतीका ने बताया था कि जब वह तीसरी क्लास में थी, तभी से क्रिकेट में उनकी गहरी दिलचस्पी थी। उनके परिवार में सभी लोग पढ़ाई में बहुत अच्छे थे और यही वजह रही कि वो क्रिकेट के साथ-साथ अपनी पढ़ाई पर भी फोकस्ड रहीं।
प्रतीका ने बताया कि जब वह 9वीं क्लास में थी, तब उन्हें साइकोलॉजी (मनोविज्ञान) में दिलचस्पी बढ़ी। वह जानना पसंद करती थी कि व्यक्ति के मन में क्या चल रहा है। प्रतीका ने 12वीं क्लास सीबीएसई से की और 92.5 प्रतिशत अंक लेकर आईं। इसके बाद उन्होंने साइकोलॉजी के बारे में काफी कुछ पढ़ा। इससे संबंधित कई वेब सीरीज देखीं।
प्रतीका का शानदार सफर
प्रतीका ने बताया कि व्यक्ति का दिमाग पढ़ने की उनकी बेकरारी क्रिकेट में काफी काम आई क्योंकि इससे मैदान के अंदर और बाहर आपको खुद को मानसिक रूप से तैयार रखने में मदद मिलती है। प्रतिका ने दिल्ली के जीसस एंड मैरी कॉलेज से मनोविज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की।
प्रतीका ने बास्केटबॉल भी खेला है और जनवरी 2019 में 64वें स्कूल नेशनल गेम्स में वह इसमें गोल्ड जीत चुकी हैं। हालांकि, इतनी खूबियों के बावजूद प्रतीका की क्रिकेट के प्रति दीवानगी कम नहीं हुई और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते हुए वह राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने में कामयाब रहीं।
गूगल पर छा गई छोरी
1 सितंबर 2000 को बर्थ-डे मनाने वाली प्रतीका रावल ने जब आयरलैंड के खिलाफ शतक जमाया तो गूगल ट्रेंड्स पर वह छा गईं। गूगल ट्रेंड्स पर वह नंबर-1 बनी हुई थी, जिससे स्पष्ट होता है कि युवा क्रिकेटर के बारे में लोगों को जानने की कितनी बेकरारी है।
प्रतीका रावल के बारे में सबसे ज्यादा लोगों ने दोपहर 3 बजे के आस-पास सर्च किया है। यह ग्राफ अगले दो घंटे तक ऊपर गया। खबर लिखे जाने तक प्रतीका रावल पर दो लाख से ज्यादा सर्च हो चुके थे। प्रतीका के बारे में ओडिशा में सबसे ज्यादा सर्च किया गया। इसके अलावा दादरा और नागर हवेली, छत्तीसगढ़, गुजरात व उत्तराखंड में प्रतीका के सर्च का ग्राफ बुलंद रहा
फैंस ने क्या पूछाप्रतीका रावल की पारी के बाद फैंस ने तरह-तरह के सवाल पूछे। प्रतीका रावल पर सर्च वौल्यूम जरूर हाई था, लेकिन फैंस ने भारतीय टीम और कप्तान स्मृति मंधाना से संबंधित सवाल भी पूछे। चलिए आपको बताते हैं।
भारतीय महिला टीम के वनडे में टॉप-5 सर्वश्रेष्ठ स्कोर?भारतीय टीम ने तीन दिन के भीतर ही अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर का रिकॉर्ड ध्वस्त किया।
भारतीय टीम के टॉप-5 सर्वश्रेष्ठ स्कोर इस प्रकार हैं:
435/5, भारत बनाम आयरलैंड
370/5, भारत बनाम आयरलैंड
358/2, भारत बनाम आयरलैंड
358/5, भारत बनाम वेस्टइंडीज
333/5, भारत बनाम दक्षिण अफ्रीकाप्रतीका रावल ने किसका रिकॉर्ड तोड़ा?
प्रतीका रावल ने इंग्लैंड की पूर्व कप्तान चार्लोट एडवर्ड्स का रिकॉर्ड तोड़ा। प्रतीका रावल ने अपने वनडे करियर की शुरुआती छह पारियों में सबसे ज्यादा बनाने का कीर्तिमान बनाया। उन्होंने 6 पारियों में 444 रन बनाए। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड की पूर्व कप्तान चार्लोट एडवर्ड्स के नाम दर्ज था, जिन्होंने 6 पारियों में 434 रन बनाए थे।स्मृति मंधाना ने किस भारतीय को सबसे तेज शतक के मामले में पीछे छोड़ा?
स्मृति मंधाना ने वनडे प्रारूप में सबसे तेज शतक जड़ने के मामले में हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ा। स्मृति मंधाना ने बुधवार को आयरलैंड के खिलाफ 135 रन बनाए। उन्होंने केवल 70 गेंदों में शतक जमाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड हरमनप्रीत कौर के नाम दर्ज था, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 87 गेंदों में सैकड़ा जमाया था।
महिला वनडे में भारत की ओर से सबसे तेज शतक जड़ने वाली महिला क्रिकेटर:
हरमनप्रीत कौर- 87 गेंद, भारत बनाम साउथ अफ्रीका (2024)
हरमनप्रीत कौर- 90 गेंद, भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया (2017)
जेमिमा रोड्रिगेज- 90 गेंद, भारत बनाम आयरलैंड (2025)


No comments:
Post a Comment